खेकड़ा (बागपत)।
क्षेत्र के ग्राम सांकरौद में शासन के निर्देश पर बेसहारा पशुओं के लिए गोशाला का निर्माण कार्य बुधवार से शुरू हो गया। अब सड़कों पर घूमने वाले एवं खेतों में किसानों की फसलों को बर्बाद करने वाले सभी बेसहारा पशुओं को पकड़कर ब्लाक क्षेत्र में शासन के निर्देश पर बनवाई जा रही गोशाला में रखवाया जाएगा।
उपजिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने बताया कि शासन के निर्देश के चलते ब्लाक क्षेत्र के सभी गांवों में बेसहारा पशुओं के लिए गोशाला का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। ब्लाक के कई गांवों में गोशाला का निर्माण कराया जाएगा। इनमें बेसहारा पशुओं को रखा भी गया है। बुधवार से ग्राम सांकरौद में भी गोशाला का निर्माण कार्य ग्राम प्रधान के पति की देखरेख में शुरू करा दिया गया। जल्द ही अन्य गांवों में भी स्थान चिंहित कर गोशाला का निर्माण कार्य कराकर बेसहारा पशुओं को रखवाया जाएगा। इससे किसानों को बेसहारा पशुओं से निजात मिलेगी।