बागपत। ईवीएम और वीवीपैट से होने वाली मतगणना के लिए विकास भवन सभागार में उन अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया गया जो पूर्व में इससे वंचित रह गए थे। बुधवार को करीब 17 माइक्रो ऑब्जर्वर, एआरओ, पर्र्यवेक्षक, मतगणना सहायकों को विकास भवन सभागार में डीडीओ हुब लाल, डीपीआरओ आलोक शर्मा ने प्रशिक्षण दिया।
उन्होंने कहा कि मतगणना सुबह आठ बजे शुरू हो जाएगी। सभी को छह बजे मतगणना स्थल लख्मीचंद पटवारी कॉलेज ऑफ एजूकेशन में पहुंचना है। ईवीएम और वीवीपैट मशीनों से किस प्रकार से वोटों की गिनती करनी है, इस बारे में जानकारी दी। धैर्य और ध्यानपूर्वक काउंटिंग करनी है। किसी भी तरह का तनाव नहीं होना चाहिए। जिम्मेदारी से अपने कार्य को अंतिम छोर तक पहुंचाना है। इस कार्य में लापरवाही नहीं होनी चाहिए। किसी भी प्रत्याशी के एजेंट से वोटों को लेकर मतभेद नहीं करना है। कोई परेशानी सामने आए तो संबंधित अधिकारियों को अवगत कराएंगे।