बड़ौत (बागपत)। यूपी बोर्ड के नतीजों में बागपत के मेधावियों ने सूबे में कामयाबी का डंका बजा दिया। इंटरमीडिएट में श्रीराम शिक्षा मंदिर इंटर कॉलेज बड़ौत की छात्रा तनु तोमर ने 97.80 प्रतिशत अंक हासिल कर प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया। इसी स्कूल के युवराज ने 94.8 प्रतिशत अंक हासिल कर सूबे की मेरिट में चौथा स्थान कब्जाया। हाईस्कूल में एंबीशन हायर सेकेंडरी स्कूल, छपरौली के होनहार मोहित आर्य 92.83 प्रतिशत अंक हासिल कर जिला टॉप किया। प्रदेश की मेरिट में बागपत 17वें स्थान पर रहा।
श्रीराम शिक्षा मंदिर इंटर कॉलेज, बड़ौत के प्रबंधक उपेंद्र चौधरी एवं प्रधानाचार्य राजीव तोमर ने बताया कि इंटरमीडिएट के बायो ग्रुप की छात्रा तनु तोमर फतेहपुर पुट्ठी गांव की रहने वाली है। तनु ने पांच सौ में से 489 अंक हासिल कर प्रदेश की मेरिट में पहला स्थान पाया। तनु के पिता हरेंद्र सिंह किसान हैं और माता रूमा देवी गृहणी हैं। दादा महिपाल सिंह, दादी हरवीरी, चाचा विश्वेंद्र तोमर, बहन साक्षी और भाई जयंत ने नतीजों के बाद खुशी मनाई। स्कूल में साथी छात्र-छात्राओं ने भी ढोल की थाप पर डांस कर जश्न मनाया।
श्रीराम शिक्षा मंदिर इंटर कॉलेज, बड़ौत के इंटरमीडिएट पीसीएम वर्ग के छात्र युवराज ने 500 में से 473 अंक हासिल कर प्रदेश की मेरिट में चौथा स्थान बनाने में कामयाबी हासिल की। बड़ौत में कोताना रोड निवासी किसान संजय सिंह और गृहणी शशि देवी के बेटे युवराज की कामयाबी से जिलेभर में खुशी का माहौल है। बड़ी बहन मोनिका बीएड कर रही हैं और छोटी शिवानी बीटीसी कर रही है। दिल्ली पुलिस में कार्यरत चाचा दीपक चौधरी और बड़ौत में ही ट्रैक्टर रिपेयरिंग का कार्य करने वाले मन्नु चौधरी उसके लिए परीक्षा तैयारी में प्रेरणा साबित हुए।
हाईस्कूल में एंबीशन हायर सेकेंडरी स्कूल, छपरौली के होनहार मोहित आर्य 92.83 प्रतिशत अंक हासिल कर जिला टॉप किया। प्रधानाचार्य प्रविंद्र कुमार ने बताया कि रठौड़ा गांव के छात्र ने 600 में से 557 अंक हासिल किए। पिता रणवीर सिंह किसान हैं। माता सुमन गृहणी हैं।