बिनौली (बागपत)। डीएम ने बिनौली ब्लाक का औचक निरीक्षण कर विकास कार्यों की समीक्षा की। एनआरएलएम योजना की प्रगति सही न मिलने पर नाराजगी जताई। गेहूं खरीद केंद्र का भी निरीक्षण किया।
डीएम पवन कुमार बृहस्पतिवार दोपहर को अचानक बिनौली ब्लाक मुख्यालय पर पहुंचे और कर्मचारियों का परिचय प्राप्त किया। इसके बाद कार्यालय में विकास कार्यों की समीक्षा शुरू की। इस दौरान एनआरएलएम के तहत गांवों में गठित स्वयं सहायता समूहों के बैंकों में प्रार्थना पत्र लंबित होने पर बीडीओ राहुल वर्मा से कड़ी नाराजगी जताई तथा शीघ्र समूहों का संचालन शुरू कराने के निर्देश दिए। जेई नरेंद्र सिंह से गांवों में क्षेत्र पंचायत निधि से चल रहे कार्यों की जानकारी ली। ग्राम पंचायत निधियों व उनसे प्राप्त धनराशि से होने वाले कार्यों का ब्यौरा लिया। पेंशन की स्थिति की भी जानकारी ली। ग्राम पंचायतों द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर लगाई गई सीमेंटेड चेयर सीट के दुरुपयोग को भी रोकने के निर्देश दिए। इस दौरान ब्लाक पर पहुंचे कमाला गांव के फरियादी कांशीराम के पेंशन फार्म शीघ्र स्वीकृत करने के बीडीओ को निर्देश दिए। इसके उपरांत उन्होंने बड़ौत मेरठ मार्ग पर खाद्य विभाग द्वारा स्थापित सरकारी गेहूं खरीद केंद्र का भी निरीक्षण किया तथा केंद्र प्रभारी सुमन चौधरी से खरीद की जानकारी ली और दीवार पर अधिकारियों के दूरभाष नंबर दुरुस्त कराकर लिखवाने के निर्देश दिए।