बागपत। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की पहली किश्त का लाभ किसानों को रविवार से मिलना आरंभ हो जाएगा। 70 हजार कृषकों के खाते में दो हजार की प्रथम किश्त के साथ योजना शुरू होगी। प्रशासन दिनभर तैयारियों में जुटा रहा।
मुख्य विकास अधिकारी पीसी जायसवाल ने बताया कि जिले के 70 हजार कृषकों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ मिलेगा। रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गोरखपुर से कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। जिले में भी कार्यक्रम निर्धारित किए गए हैं। सीडीओ ने बताया कि साढ़े दस बजे से 11 बजे से स्थानीय कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। 11 से साढ़े 11 बजे कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को प्रधानमंत्री की मन की बात प्रसारण दिखाया जाएगा। साढ़े 11 बजे से साढ़े 12 बजे तक गोरखपुर से योजना के लांच का सीधा प्रसारण किसानों को दिखाया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिले में 70 हजार कृषकों को योजना का लाभ मिलेगा, जिनका सत्यापन के डाटा फीडिंग कर लॉक कर दिया। कृषि विभाग के अधिकारियों को जिम्मेदारी दी।
यहां पर होंगे कार्यक्रम
बागपत। किसान सम्मान निधि कार्यक्रम कलक्ट्रेट, बागपत, बड़ौत और खेकड़ा तहसील के अलावा जिले के छह विकास खंडों में आयोजित होगा।
किसानों को दिया बुलावा
बागपत। सम्मान निधि के कार्यक्रम में प्रत्येक जगह 50 किसानों को बुलाने का लक्ष्य रखा है। बाकी किसानों के खाते में सीधे रुपये जाएंगे और प्रमाणपत्र का वितरण भी गांव में किया जाएगा।