बड़ौत (बागपत)। यूपी बोर्ड परीक्षाएं मंगलवार को भी नगर में चार परीक्षा केंद्र पर भारी सुरक्षा बंदोबस्त के बीच जारी रही। सघन चेकिंग के बाद ही विद्यार्थियों को परीक्षा केंद्रों के अंदर जाने दिया गया। प्रवेश पत्र की जांच की गई। परीक्षा को पूरी तरह से नकल विहीन बनाने के लिए मोबाइल परीक्षा केंद्र से बाहर रखा गया। इस दौरान पूरे दिन पेपर आउट होने की अफवाह भी उड़ती रही, लेकिन देर शाम तक इसकी पुष्टि नहीं हो सकी।
बड़ौत नगर के श्रीराम शिक्षा मंदिर इंटर कॉलेज, जनता इंटर कॉलेज, दिंगबर जैन इंटर कॉलेज, वीर स्मारक इंटर कॉलेज पर मंगलवार भारी पुलिस बंदोबस्त के बीच हिंदी पेपर की परीक्षा कराई। परीक्षा के पूर्व विद्यार्थियों को सघन चेकिंग के बाद ही परीक्षा केंद्र के अंदर जाने दिया। इतना ही नहीं, जिस रूम में परीक्षा देनी थी, वहां भी विद्यार्थियों की तलाशी ली गई। परीक्षा को पूरी तरह से नकल विहीन बनाने के लिए किसी भी परीक्षार्थी को मोबाइल व अन्य सामग्री लेकर अंदर नहीं जाने दिया। परीक्षा को नकल विहीन बनाने के लिए परीक्षा केंद्रों से 50-50 मीटर दूरी तक भी अभिभावकों व अन्य लोगों को पुलिस व परीक्षा की ड्यूटी में लगे कर्मचारियों ने खड़ा नहीं होने दिया। श्रीराम शिक्षा मंदिर इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य राजीव तोमर ने बताया कि कक्षा 12 का हिंदी और हाईस्कूल का भी हिंदी विषय का पेपर कराया गया। दोनों पाली में कई अभ्यर्थियों ने परीक्षा नहीं दी। अन्य परीक्षा केंद्रों का भी यही हाल रहा।
एसडीएम व सीओ ने किया निरीक्षण
बड़ौत। परीक्षा को नकल विहीन बनाने के लिए एसडीएम अरविंद कुमार द्विवेदी ने पुलिस बल के साथ परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों को कडे़ दिशा-निर्देश दिए।
पेपर आउट होने की उड़ती रही अफवाहें
बड़ौत। मंगलवार को सुबह से ही हाईस्कूल और बाद में इंटर का पेपर आउट होने की अफवाह उड़ती रही। हालांकि देर शाम तक इसकी पुष्टि नहीं हो सकी। एसडीएम अरविंद कुमार द्विवेदी का कहना था कि किसी भी हालत में नकल नहीं होने दी जाएगी। पेपर आउट होने की उन्हें सूचना नहीं है, सब झूठी अफवाहें है।