बागपत। निर्मल हिंडन कार्यक्रम के कन्वर्जेंस प्लान के तहत लोगों को विभागों के अधिकारी जागरूक करेंगे। विभागों से संबंधित कार्यों की जानकारी दी जाएगी। जिला स्तर और ब्लॉक स्तर पर इसके लिए टीम तैयार कर दी गई है। पहले जिला स्तर पर 17 दिसंबर को विकास भवन में प्रशिक्षण होगा उसके बाद ब्लॉक में। सीडीओ पीसी जायसवाल ने नामित अधिकारी और मास्टर ट्रेनरों की नियुक्ति कर दी है। प्रशिक्षण में पहुंचने के निर्देश दिए हैं।
दूषित हो गई हिंडन और उसके आस पास क्षेत्र में शुद्धता लौटने के लिए कार्य योजना तैयार हो गई है। इसके तहत जिला स्तर पर और ब्लॉक स्तर पर अधिकारी, ग्राम प्रधान और ग्राम सचिवों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। सीडीओ पीसी जायसवाल ने बताया कि निर्मल हिंडन कार्यक्रम के तहत कनवर्जेंस प्लान के आधार पर कार्य किया जाएगा। इसके तहत 17 दिसंबर को विकास भवन में जिला स्तरीय प्रशिक्षण निर्धारित किया गया है। नामित मास्टर ट्रेनर डीपीआरओ, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका बागपत, उप कृषि निदेशक, क्षेत्रीय वनाधिकारी, सीएमओ, सहायक अभियंता लघु सिंचाई, अधिशासी अभियंता सिंचाई खंड बड़ौत अपने विभाग से संबंधित विभागों की कार्य योजना के अनुसार प्रशिक्षण देंगे। इसके अलावा अपशिष्ट प्रबंधन, जैविक खेती, वानिकी, स्वास्थ्य सुरक्षा, तालाब पुनरोद्धार का प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि ब्लॉक स्तर पर 36 अधिकारियों को प्रशिक्षण के नामित किया है। सीडीओ ने बताया कि 20 दिसंबर को पिलाना, बिनौली और खेकड़ा में, 21 को बड़ौत में, 22 को छपरौली ब्लॉक स्तरीय प्रशिक्षण दिया जाएगा।