बागपत। यूपी एग्रीकल्चर डिपार्टमेंट मिनिस्टीरियल सर्विसेज एसोसिएशन के सदस्यों ने उप कृषि निदेशक पर अभद्रता का आरोप लगाकर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी। इससे विभागीय अफसरों में हड़कंप मच गया। उप कृषि निदेशक दोपहर बाद आंदोलनकारी कर्मचारियों के बीच पहुंचे और खेद जताया। इसके बाद कर्मचारियों ने हड़ताल खत्म करने की घोषणा की। विभागीय कर्मी बृहस्पतिवार से नियमित काम करेंगे।
एसोसिएशन से जुड़े सभी कर्मचारियों ने बुधवार को उप कृषि निदेशक दफ्तर के बाहर अनिश्चित कालीन धरना शुरू किया। एसोसिएशन के अध्यक्ष संजीव कुमार और महामंत्री अभिषेक बालियान ने बताया कि उप कृषि निदेशक ने कर्मचारियों के साथ अभद्रता कर अपशब्दों का इस्तेमाल किया । उन्होंने कहा उप कृषि निदेशक विभागीय कर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार, गाली गलौज और धक्का मुक्की कर धमकी देकर मारपीट पर उतारू हो जाते हैं । महिला कर्मचारियों के साथ अमर्यादित व्यवहार करने का भी आरोप लगाया। संगठन के सदस्यों ने बुधवार को कार्यालय के बाहर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। एसोसिएशन के अध्यक्ष संजीव कुमार ने बताया कि शाम के समय उप कृषि निदेशक ने आंदोलनकारियों के बीच पहुंचकर वार्ता की और कृत्य पर खेद जताया। भविष्य के लिए आश्वस्त किया कि उनके द्वारा किसी भी कर्मचारी के साथ अमर्यादित भाषा का प्रयोग नहीं किया जाएगा। इसके बाद अनिश्चितकालीन हड़ताल को समाप्त कर दिया। इस दौरान राज कुमार मान, पंकज मलिक, मोनू राणा, अमित तोमर, विनय पंवार, अमित, सचिन राणा, देवेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे।