बागपत। बिना हेलमेट चलने वाले विकास भवन के कर्मचारियों को जागरूक करने के लिए खुद सीडीओ पीसी जायसवाल ने अभियान चलाया। विभागीय अधिकारियों के साथ बिना हेलमेट के कार्यालय आने वाले कर्मचारियों को जागरूक किया और निर्देश दिए कि हेलमेट लगाकर दुपहिया वाहन पर चलें। हेलमेट से अपनी ही सुरक्षा है। यह भी हिदायत दी कि अगर जागरूक करने के बाद भी नहंी मानें तो कानूनी कार्रवाई से भी पीछे नहीं हटेंगे।
परिवहन विभाग की प्रमुख सचिव एवं नोडल अधिकारी आराधना शुक्ला ने बाइक सवारों के लिए हेलमेट और चार पहिया वाहनों पर सीट बेल्ट का इस्तेमाल के लिए आदेशित किया था। मंशा यह थी कि अगर सरकारी कर्मचारी खुद जागरूक होंगे तो आम जनता के लिए प्रेरणा बनेंगे।
अमर उजाला ने लोगों को जागरूक करने के लिए अभियान की शुरूआत की। शनिवार को सीडीओ पीसी जायसवाल ने पहल कर कर्मचारियों को जागरूक किया। अधीनस्थों के साथ विभाग भवन के मुख्य द्वार पर खड़े हो गए। यहां पर उन्होंने विभाग में आने वाले कर्मचारियों के हेलमेट चेक किए। सात कर्मचारी ऐसे मिले, जिन्होंने हेलमेट नहीं लगाया हुआ था। सीडीओ ने उन्हें हेलमेट के लिए जागरूक किया। सीडीओ ने कहा कि अगर घर से बाइक पर चलते हैं तो हेलमेट लगाकर ही दफ्तर आना होगा। यह खुद की सुरक्षा है। यह भी हिदायत दी कि अगर बार-बार चेक करने पर भी नहीं माने तो चालान कटवा दिया जाएगा।
हेलमेट लगाकर आने के लिए प्रेरित किया
बागपत। जांच में जिला कृषि अधिकारी विभाग के पत्रवाहक लोकेंद्र, जिला ग्राम्य विभाग अभिकरण के सफाई कर्मचारी राजेश कुमार, डीपीआरओ से सफाई कर्मचारी विकास कुमार, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी से कनिष्ठ सहायक मुनेंद्र कुमार, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी से सहायक दुष्यंत कुमार, कौशल विकास मिशन से कंप्यूटर ऑपरेटर ध्रुव कुमार, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग से पत्रवाहक विपिन शर्मा बगैर हेलमेट मिले। सीडीओ ने इन्हें हेलमेट लगाकर आने के लिए प्रेरित किया।
बीएसए ने भी कराए आदेश जारी
बागपत। बेसिक शिक्षा अधिकारी राजीव रंजन मिश्रा ने सभी शिक्षकों और विभागीय कर्मचारियों के लिए हेलमेट का इस्तेमाल करने के लिए आदेशित किया। दीवारों पर पेंटिंग कराने और स्कूल परिसर के बाहर हेलमेट जरूरी का संदेश चस्पा कराने के निर्देशित किया। चेतावनी दी गई बिना हेलमेट आने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई कराएंगे।