बड़ौत (बागपत)। मुख्य शिकायत केंद्र के गेट के बाहर एलईडी बल्ब के अधिक दाम वसूलने पर बुधवार को ग्राहकों ने जमकर हंगामा किया और बल्ब बेचने वाले व्यक्ति को जमकर खरी-खोटी सुनाई। हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह मामला शांत किया।
ग्राहकों का आरोप था कि मुख्य शिकायत केंद्र पर निगम के अधिकारियों की शह पर काफी दिनों से एक प्राइवेट व्यक्ति एलईडी बल्ब बेच रहा है। एक बल्ब का दाम 70 रुपये है, जबकि वह ग्राहकों से 90 से 100 रुपये वसूल रहा है। अधिकांश बल्ब खराब हो जाते हैं। जब कोई व्यक्ति बल्ब बदलने आता है तो उसे मना कर दिया जाता है। कई बार इसकी शिकायत निगम के अफसरों से की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने दुकानदार को जमकर खरी-खोटी सुनाते हुए जमकर हंगामा किया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह मामला शांत किया।
उधर एसडीओ चैन सिंह का कहना था कि उक्त व्यक्ति का विभाग से कोई लेना-देना नहीं है, यदि वह बल्ब के नाम पर उगाही कर रहा है तो लोग इसकी शिकायत पुलिस से कर सकते हैं। हंगामा करने वालों में सुनीता, राखी, दीपिका, अनिता, अनिल, नेहा आदि शामिल रहे।