बामनौली में सड़क हादसे में वृद्ध की मौत
दोघट। बड़ौत-बुढ़ाना मार्ग पर बामनौली गांव में बृहस्पतिवार की रात वृद्ध को बाइक सवार ने टक्कर मारी दी। गंभीर से घायल वृद्ध को परिजनों ने निजी अस्पताल बड़ौत में भर्ती कराया। अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। हादसे में बाइक सवार दंपत्ति भी घायल हुए है। पुलिस ने बाइक को कब्जे में ले लिया है।
बामनौली गांव निवासी जयदेव (82) बृहस्पतिवार रात आठ बजे घर से अपने घेर में जा रहा था। जब वह बड़ौत-बुढ़ाना मार्ग पार करने लगा तो पुसार की तरफ से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने घायल वृद्ध को बड़ौत निजी अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में इलाज के दौरान वृद्ध की मौत हो गई। दुघर्टना में बाइक सवार मुन्ना निवासी बिजरौल और उसकी पत्नी भी घायल हुए हैं। उन्हें भी बड़ौत निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसकी सूचना रात में ही पुलिस को दी गई, लेकिन पुलिस नहीं पहुंची। कई घंटे तक परिजन पुलिस का इंतजार करते रहे। जब पुलिस नहीं पहुंची तो शुक्रवार की सुबह परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया। परिजनों ने बाइक सवार युवक के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने बाइक को कब्जे में लिया।