बागपत। शहर के सिसाना रोड पर हनुमान मंदिर में बुधवार सुबह एक टोकरी में नवजात बच्ची रखी मिली। पता चलते ही वहां पर भीड़ उमड़ गई। एक महिला उसको अपनाने के लिए तैयार हो गई और अपने घर भी ले गई। बाद में पुलिस बच्ची को वहां से लेकर आई और बाल कल्याण समिति के सुपुर्द कर दिया। बाद में हालत खराब होने पर बच्चों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों के अनुसार बच्ची किनर है।
बागपत के देशराज मोहल्ला निवासी मिंटू चौहान की हनुमान मंदिर के पास दुकान है। मिंटू प्रतिदिन की तरह बुधवार सुबह करीब चार बजे पहले मंदिर पहुंचे और वहां पर उनको एक बंद टोकरी रखी दिखाई दी। वे दरवाजे खोलकर दुकान की सफाई करने लगे। थोड़ी देर बाद पंडित शैलेंद्र ने मंदिर में पहुंचकर टोकरी खोली तो उसमें नवजात बच्ची मिली। उसमें दूध की बोतल भी रखी थी। पता चलते ही मिंटू चौहान मौके पर पहुंचे। बच्ची किसकी है इसका पता लगाने का प्रयास किया। मौके पर काफी भीड़ इकट्ठी हो गई, लेकिन उसके माता-पिता का पता नहीं चला। वहां पहुंची शहर की एक महिला बच्ची को अपनाने के लिए तैयार हुई। महिला बच्ची को लेकर अपने घर पहुुंच गई। इसकी जानकारी बाल कल्याण समिति को मिली। उनके कहने पर पुलिस महिला के मकान से बच्ची को लेकर आई। बच्ची को समिति के पदाधिकारियों के सुपुर्द किया।
समिति के अध्यक्ष राजीव यादव ने कहा बच्ची बुखार से ग्रस्त है। फिलहाल जिला अस्पताल में भर्ती कराया। हालत में सुधार होने पर उसको राजकीय शिशु गृह रामपुर में भेजा जाएगा। उसके अभिभावकों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।