रटौल। ढिकौली गांव के जंगल में बिजली लाइन के आपस में टकराने पर उठी चिंगारी से किसान के गन्ने के खेत में आग लग गई। इससे करीब 15 बीघा गन्ने की फसल जलकर राख हो गई। ढिकौली गांव के किसान सोनू ने बताया कि उनके खेतों के ऊपर से गुजर रही बिजली की हाईटेंशन लाइन के तार शुक्रवार को आपस में टकरा गए। इससे उठी चिंगारी उसके गन्ने के खेत में गिर गई और वहां आग लग गई। गन्ने की फसल में आग की लपटे उठने पर आसपास खेतों में काम कर रहे किसानों ने शोर मचाया।
इसके बाद उन्होंने पानी और मिट्टी डालकर आग पर काबू पाया। इस दौरान सोनू की तीन बीघा और बीरसैन की 12 बीघा गन्ने की फसल जल गई। किसानों ने बताया कि तारों के आपस में टकराने से कई बार खेतों में आग लगने से नुकसान हो चुका है। उन्होंने नुकसान का मुआवजा दिलाने और जर्जर तारों को बदलवाने की मांग की।