खेकड़ा (बागपत)। उपजिलाधिकारी खेकड़ा ने क्षेत्र के गन्ना तौल केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। क्षेत्र के बड़ागांव के जंगल में स्थित किनौनी शुगर मिल के ए गन्ना तौल केंद्र पर घटतौली पाई गई, जिसे लेकर एसडीएम ने तौल लिपिक के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति कर रिपोर्ट डीएम को भेजी।
शनिवार को उपजिलाधिकारी पुलकित गर्ग, तहसीलदार यदुवंश कुमार, खांडसारी अधिकारी संदीप पाठक एवं बाट माप अधिकारी पवन यादव क्षेत्र के बड़ागांव के जंगल में स्थित किनौनी शुगर मिल के ए गन्ना तौल केंद्र पर औचक निरीक्षण करने के लिए पहुंचे, जहां उन्होंने तौल केंद्र पर मौजूद किसानों से गन्ने की तौल के बारे में जानकारी ली। किसानों ने तौल केंद्र पर घटतौली की शिकायत की। इस पर एसडीएम ने तौल लिपिक को तौल कांटे पर गन्ना तौलने को कहा। तौल के दौरान एसडीएम पुलकित गर्ग ने कांटे की जांच कर घटतौली पकड़ी, जिसे लेकर अधिकारियों ने तौल लिपिक को फटकार लगाई।
एसडीएम पुलकित गर्ग ने बताया कि गन्ना तौल केंद्र पर निरीक्षण के दौरान घटतौली पाई गई है। साथ ही गन्ना तौल के लिए बाट भी कम पाए गए और लाइसेंस भी नही मिला। घटतौली को लेकर मिल प्रबंध तंत्र को सूचना देकर तौल लिपिक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। साथ ही क्षेत्र के अन्य तौल केंद्रों पर भी निरीक्षण किया जायेगा। यदि किसी भी तौल केंद्र पर गड़बड़ी पाई गई तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान दुष्यंत, रोबिन, योगेश, अनिल, अमित, सतबीर, सीताराम, कालू, दिनेश आदि किसान मौजूद रहे।