बिनौली (बागपत)। फतेहपुर पुट्ठी के राजकीय हाई स्कूल में महात्मा गांधी जयंती स्मरण उत्सव के उपलक्ष्य में पोस्टर व स्लोगन प्रतियोगिता हुई, इस दौरान छात्र छात्राओं ने जन जागरण रैली निकालकर स्वच्छता का संदेश दिया।
बृहस्पतिवार को स्कूल के छात्र-छात्राओं ने स्वच्छता संबंधी पोस्टर बनाए। इस दौरान स्लोगन प्रतियोगिता भी हुई, इसमें स्वच्छता के प्रति जागरूक करने वाली कविता प्रस्तुत की। इसके उपरांत स्कूल परिसर से जन जागरण रैली का प्रधानाचार्या डॉ. रेखा सिंह ने शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि अपने घर व आसपास के परिवेश में साफ सफाई रखना हम सबका नैतिक दायित्व हैं। विद्यालय, रास्ते, गली, गांव को स्वच्छ रखने के लिए सबका योगदान जरूरी है। रैली पूरे गांव की गली मोहल्लों से होकर वापस स्कूल में आकर समाप्त हुई। रैली में शामिल छात्र-छात्राओं ने तख्ती, बैनर, पोस्टर व नारों के माध्यम से ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। इस दौरान सहायक अध्यापक गीतांजलि, रुचि, रेशमा, वंशिका, रमा, आयुष, कुलदीप, राधा, गौतम, रोहित, साहिल आदि रहे।