जैविक ईंधन पर नीति से किसानों को लाभ: सत्यपाल सिंह
बागपत। विश्व जैविक ईंधन दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसानों और छात्रों से रूबरू होंगे। दिल्ली में शुक्रवार को आयोजित होने वाले कार्यक्रम के लिए बागपत के किसान भी रवाना हो गए हैं। किसानों के बीच उत्साह है। केंद्रीय मानव संसाधन विकास राज्यमंत्री डॉ सत्यपाल सिंह ने कहा कि इसी साल स्वीकृत नीति से किसानों को लाभ होगा।
शुक्रवार को विश्व जैविक ईंधन दिवस पर विज्ञान भवन में कार्यक्रम होगा। बागपत लोकसभा क्षेत्र के किसान भी शामिल होंगे। किसानों ने बृहस्पतिवार को दिल्ली पहुंचकर केंद्रीय मानव संसाधन विकास राज्यमंत्री डॉ सत्यपाल सिंह से मुलाकात की। सत्यपाल सिंह ने किसानों से कहा कि इसी साल सरकार ने जैविक ईंधन पर राष्ट्रीय नीति 2018 स्वीकृत की है। जिसमें एथेनॉल सम्मिश्रण की मात्रा को बढ़ाकर 20 फीसदी तक ले जाने का लक्ष्य रखा गया है। देश में गन्ने का प्रचुर मात्रा में उत्पादन होता है। इसलिए ईंधन में मिश्रण के लिए पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहेगा। चीनी मिलें उर्जा उत्पादन के क्षेत्र में भी कार्य कर सकेंगी। इससे किसानों को फसलों का उचित और सही समय पर दाम मिलेगा। किसानों की आर्थिक स्थिति में सुधार हो सकेगा।