पुरा में दो कांवड़ियों की मौत, 15 बेहोश
बागपत। श्री परशुरामेश्वर महादेव मंदिर पुरा के पास दो कांवड़ियों की मौत हो गई। गर्मी और ज्यादा भीड़ के कारण 15 कांवड़िये बेहोश हो गए। उन्हें सीएचसी में भर्ती कराया गया। इसके अलावा जबकि 200 की हालत बिगड़ गई। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव अपने साथ ले गए।
गाजियाबाद जनपद के दोसा मंजर गांव निवासी विशाल (14) पुत्र ओमदत्त हरिद्वार से पैदल कांवड़ लेकर श्री परशुरामेश्वर महादेव मंदिर पुरा में जलाभिषेक करने आया था। पिता ओमदत्त ने बताया कि बृहस्पतिवार को वह पुरा गांव में पहुंच गए थे। महादेव मंदिर के पास पहुंचते ही विशाल बेहोश होकर गिर गया। उसे सीएचसी में भर्ती कराया। हालत में सुधार न होने के कारण विशाल को जिला अस्पताल रेफर किया गया। यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पिता ने बताया कि उसने दो दिनों से कुछ नहीं खाया था।
वहीं मुजफ्फरनगर के शाहपुर निवासी मोंटी (16) अपने साथियों के साथ हरिद्वार से डाक कांवड़ लेकर श्री परशुरामेश्वर महादेव मंदिर के आ रहा था। बुधवार की रात डाक कांवड़ पुरा गांव के पास पहुंच गई। मोंटी गंगाजल लेकर दौड़ रहा था। दौड़ते-दौड़ते वह अचानक गिर गया और बेहोश हो गया। साथियों ने उसे सीएचसी पर भर्ती कराया। यहां से उसे जिला अस्पताल रेफर किया। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
वहीं गर्मी एवं मंदिर में ज्यादा भीड़ के कारण 15 कांवड़िये बेहोश हो गए जबकि 200 की हालत बिगड़ गई। उन्हे सीएचसी में भर्ती कराया गया। सीएचसी प्रभारी डॉ. यशवीर सिंह ने बताया कि अधिकतर कांवड़ियों को दर्द, सूजन व पांव में छाले की शिकायत थी। 15 कांवड़िये बेहोशी की हालत में आए। उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। उन्होंने बताया की गर्मी ज्यादा होने, ज्यादा लंबे समय तक खाली पेट रहने और लगातार चलने की वजह से बॉडी में आये स्ट्रेस की वजह से ये हालात होती है।