बागपत। जिले में शहरी क्षेत्र के 47 विद्यालयों का चयन किया गया है, जिसमें अंग्रेजी माध्यम की शिक्षा दी जाएगी। इनमें 235 शिक्षकों की तैनाती होगी। आवेदन करने वाले 162 शिक्षकों की 15 मार्च को लिखित परीक्षा होगी, जिसके बाद इन्हें स्कूलों में तैनात किया जाएगा।
नए शिक्षा सत्र में जिले के 47 परिषदीय विद्यालयों में अंग्रेजी माध्यम की शिक्षा शुरू होगी। सभी ब्लॉक और शहरी क्षेत्रों के सात-सात स्कूलों का चयन किया गया है। प्रत्येक विद्यालय में पांच-पांच शिक्षक तैनात होंगे, जिसमें एक प्रधानाध्यापक और चार सहायक शिक्षक रहेंगे। 47 स्कूलों में 235 अध्यापकों की तैनाती की जाएगी। परिषदीय विद्यालयों में शिक्षकों से अंग्रेजी माध्यम के स्कूलों में तैनाती के लिए आवेदन लिए गए थे। अभी तक मात्र 162 शिक्षकों ने आवेदन किया है। इनकी लिखित परीक्षा 15 मार्च को डॉयट बड़ौत में होगी।
बीएसए योगराज सिंह ने बताया कि नए सत्र में अंग्रेजी माध्यम की पढ़ाई शुरू कराई जाएगी। चौधरी चरण सिंह जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्था बड़ौत के प्राचार्य ने शिक्षकों के लिखित परीक्षा 15 मार्च को निर्धारित की है। 11 बजे डॉयट पर परीक्षा शुरू होगी।