बागपत। राशन नहीं मिलने के विरोध में बृहस्पतिवार को धनौरा सिल्वर नगर गांव के ग्रामीणों ने गांव स्थित पंचायत घर पर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने राशन डीलरों पर कालाबाजारी का आरोप लगाया। उन्होंने विभागीय अफसरों से प्रकरण की जांच कर विभागीय कार्यवाही कराने की मांग की।
ग्रामीणों ने कहा कि कुछ दिनों पहले राशन वितरण में अनियमितता की शिकायत पर जांच के बाद गांव के चार राशन डीलरों की दुकान निलंबित कर दी गई थीं। इनमेें से दो दुकान फतेहपुर पुटठी, एक जाफराबाद नांगल और एक दुकान ग्वालीखेड़ी के राशन डीलरों के यहां पर अटैच कर दी गई थीं। कुछ दिन तक राशन डीलरों ने सही राशन वितरण किया। लेकिन अब यहां भी राशन वितरण में मनमानी शुरू कर दी गई है। ग्रामीणों ने सभी राशन डीलरों पर सही ढंग से राशन वितरण न कर कालाबाजारी का आरोप लगाया। साथ ही विभागीय अफसरों से प्रकरण की जांच कर कार्रवाई की मांग की। मांग पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। प्रदर्शन करने वालों में वेदपाल, रामबीर सिंह, अशोक, नवाब, वकील, ब्रजमोहन, राकेश शर्मा, लोकेश शर्मा, ओमवीर, राहुल शामिल रहे। उधर, सप्लाई इंस्पेक्टर कृष्णा का कहना है कि अभी इस संबंध में शिकायत नहीं मिली है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।