पिलाना (बागपत)। एंबुलेंस सेवा की हालत भी खस्ता होने लगी है। आए दिन यहां गाड़ियां खराब होने की शिकायत रहती है। बुधवार को भी ऐसा ही हुआ। अमीनगर सराय बस स्टैंड पर कॉल आने पर एंबुलेंस को स्टार्ट किया, लेकिन एंबुलेंस नहीं चली। बाद में उसको ट्रैक्टर से बांधकर मिस्त्री के पास ले जाया गया।
बुधवार को 108 सेवा की एक एंबुलेंस रास्ते में ही खराब हो गई। चालक ट्रैक्टर से खिंचवाकर एंबुलेंस को मिस्त्री के पास लेकर गया। वहां पर उसकी मरम्मत कर्राई। जनपद में 30 एंबुलेंस है। इनमें 108 एंबुलेंस की संख्या 11, 102 की संख्या 17 तथा एएलए दो हैं। इतनी संख्या होने के बाद भी एंबुलेंस की व्यवस्था लचर है। कहीं पर गाड़ी खराब हो जाती है तो कभी सूचना देने के बाद भी समय से गाड़ी नहीं पहुंचती है। इस तरह की अफसरों के पास शिकायत आती रहती है। पिछले दिनों सिसाना गांव के पास सड़क हादसा हुआ । लोग एंबुलेंस को कॉल करते रहे, लेकिन फोन नहीं मिला। राहगीर ही घायल को जिला अस्पताल लेकर गए थे। इस तरह के मामले आए दिन आते रहे हैं।
उधर, सीएमओ डॉ. सुषमा चंद्रा का कहना है कि कभी-कभी एंबुलेंस खराब हो जाती है। उसको ठीक करा दिया जाता है। मरीजों को बेहतर एंबुलेंस की सुविधा देना का प्रयास रहता है।