तमंचे के बल पर दो युवकों से 14 हजार रुपये की लूट
बड़ौत (बागपत)। पूर्वी यमन नहर पर बुधवार की रात झाल के पास पांच हथियार बंद बदमाशों ने बाइक से अपने गांव दौज्जा जा रहें दो लोगों से मारपीट कर हजारों की नगदी लूट ली। इसके बाद जान से मारने की धमकी देकर भाग गए।
पीड़ित शुएब पुत्र इकराम व आमिर खान पुत्र सराजू दौज्जा गांव के रहने वाले हैं। दोनों बड़ौत में गाड़ियों की डेंटिंग-पेंटिंग का काम करते हैं। बुधवार की रात बड़ौत से काम खत्म कर दोनों बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान जैसे ही शुएब और आमिर बाइक लेकर पूर्वी यमन नहर पर झाल के पास पहुंचे। घात लगाए बदमाशों ने उन्हें तमंचे के बल पर रोक लिया। इसके बाद गाली-गलौच कर तमंचे की बट से उनकी पिटाई शुरू कर दी। इसके बाद शुएब से बदमाशों ने 8 हजार व आमिर से 6 हजार रुपये लूटकर जान से मारने की धमकी देकर खेतों से होते हुए भाग गए। पीड़ित युवकों ने कोतवाली पहुंचकर इस संबंध में तहरीर दी है। पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरू की है।