डीआईओएस कार्यालय में बनाया गया कंट्रोल रूम
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। ऑनलाइन शिक्षण के अलावा दूरदर्शन व स्वयं प्रभा चैनल पर चल रही कक्षाओं की निगरानी करने के लिए जिले में 14 नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए है। इनमें से एक जनपदीय अधिकारी तथा 13 विद्यालय स्तरीय नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए है। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय को कंट्रोल रूम बनाया गया है।
कोरोना महामारी फैलने के बाद शासन के निर्देश पर माध्यमिक विद्यालयों में अध्ययनरत छात्रों को शिक्षण कराने के लिए व्हाट्सएप पर वर्चुअल क्लास शुरू कराई गई थी। एंड्राइड फोन के अभाव में काफी छात्र-छात्राओं का शिक्षण प्रभावित हो रहा था। इस पर शासन ने कक्षा नौवीं से 12वीं तक के बच्चों को शिक्षण कराने के लिए दूरदर्शन व स्वयं प्रभा चैनल पर प्रसारण शुरू किया है। शिक्षण को प्रभावी बनाने व शतप्रतिशत छात्रों को शिक्षण कराने के लिए शासन ने इसकी निगरानी करने के निर्देश दिए है। टीवी व व्हाट्सएप पर चलने वाली कक्षाओं की निगरानी करने के लिए जिले में 14 नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। राजकीय हाईस्कूल बसौद के प्रधानाचार्य अंतरिक्ष कुमार को जनपदीय नोडल नियुक्त किया गया तथा 13 प्रधानाचार्यों को विद्यालय स्तर पर नोडल बनाया गया है।
जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में शिक्षण की निगरानी के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। विद्यालय स्तरीय नोडल अधिकारी टीवी व ऑनलाइन शिक्षण की निगरानी कर सूचना कंट्रोल रूम को उपलब्ध कराएंगे। प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक अनुराधा शर्मा ने बताया कि शिक्षण को प्रभावी बनाने के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त कर दिए गए है। नोडल अधिकारियों को शिक्षण की निगरानी कर कंट्रोल रूम में सूचना उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए है।