अग्रवाल मंडी टटीरी (बागपत)। रेलवे ने बागपत रोड रेलवे स्टेशन की भूमि पर बनीं दुकानों की जमीन खाली कराने के लिए नोटिस चस्पा कराया। इससे दुकानदारों में हड़कंप मच गया। अतिक्रमण करने वालों को जवाब देने के लिए 15 दिन का समय दिया।
कस्बे में बागपत मेरठ रोड से और बाजार तक रेलवे की भूमि हैं। रेलवे का दावा है कि लोगों ने उनकी भूमि पर अवैध निर्माण किया हुआ। इसके चलते बृहस्पतिवार को सी सेक्शन इंजीनियर कार्यालय उत्तर रेलवे शामली की ओर से करीब 200 दुकानों पर नोटिस चस्पा कराया। इसमें लिखा है बागपत रेलवे यार्ड में अनाधिकृत रूप से जमीन पर कब्जा कर दुकानें बनाई। दुकानदारों के पास जमीन का मालिकाना हक है, तो कोई दस्तावेज कार्यालय में जमा करें नहीं तो 15 दिन के बाद रेलवे की ओर से नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अतिक्रमण को 15 दिन में हटा दिया जाएगा। नोटिस चस्पा होने के बाद से दुकानदारों में हड़कंप मचा है। इस संबंध में व्यापारी नेता के साथ दुकानदार केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. सत्यपाल सिंह से भी मिले।