बड़ौत (बागपत)।
अमर उजाला में प्रमुखता से प्रकाशित खबर कार्यालयों पर समय पर नहीं पहुंचे रहे कर्मचारी से निगम के अफसरों में हड़कंप मच गया। बुधवार को खबर का संज्ञान लेकर एसई ने एक्सईएन द्वितीय कार्यालय का औचक निरीक्षण किया तो कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। कई कर्मचारी अनुपस्थित मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई। बाद में उन्होंने ओटीएस योजना संबंधित कर्मचारियों की मीटिंग ली। साथ ही ओटीएस योजना की अंतिम तिथि 15 फरवरी को देखकर एसई ने समस्त कर्मचारियों की आकस्मिक और सामान्य छुट्टियां निरस्त करने के आदेश दिएं । लापरवाही पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी।
उपभोक्ताओं की समस्याओं को देखकर अमर उजाला ने मंगलवार को बिजली दफ्तरों पर कर्मचारियों के समय पर आने की पड़ताल की। पड़ताल में अधिकांश कर्मचारी कार्यालयों से या तो गायब मिले या फिर समय से आधा व एक घंटे लेट। अमर उजाला ने समस्या को बुधवार को अंक मेें प्रमुखता से प्रकाशित किया तो ऊर्जा निगम के अफसरों में हड़कंप मच गया। खबर का संज्ञान लेकर एसई रामबीर सिंह ने बुधवार को एक्सईएन द्वितीय कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान कई कर्मचारी अनुपस्थित मिले, इस पर एसई रामबीर सिंह ने फटकार लगाई और उनसे स्पष्टीकरण मांगा। बाद मेें उन्होंने कार्यालय में कर्मचारियों की ओटीएस योजना के तहत मीटिंग ली।
एसई रामबीर सिंह ने कहा कि उपभोक्ताओं से अभद्रता बर्दास्त नहीं होगी। कार्यालय में आने वाले उपभोक्ताओं की समस्याओं का तत्काल प्रभाव से निस्तारण करें, अवैध वसूली और अभद्रता की शिकायत पर कार्रवाई होगी। इसके बाद उन्होंने एक्सईएन प्रथम कार्यालय भी बैठक ली और कार्यालय पर आए उपभोक्ताओं की समस्याएं सुनीं। बाद में उन्होंने ढ़िकाना, जौनमाना, छपरौली, बड़ौली, बावली, मलकपुर आदि गांवों में निगम की टीम के साथ खुली सभा कर उपभोक्ताओं की शिकायतें सुनीं और उन्हें ओटीएस योजना का लाभ उठाने को कहा। समय पर बिल जमा कर होने वाली परेशानी से बचे, बिजली चोरी न करें व बाहरी तत्वों के संपर्क में न आएं। इसमें एक्सईएन प्रथम गोपाल सिंह, प्रभारी एक्सईएन द्वितीय सुधाकर, एसडीओ रितेशवर बुंध, गोपाल, जेई रवि प्रताप, आलोक, विकास, नरेंद्र आदि रहे।