बागपत। जौहड़ी गांव की शूटर दादियों के हिस्से में एक और कामयाबी आई है। निशानेबाजी में योगदान के लिए दोनों को इस साल का आई वुमन ग्लोबल अवार्ड दिया जाएगा। महिला दिवस पर आठ मार्च को पुणे में सम्मान समारोह आयोजित होगा। परिजनों ने दोनों दादियों का अवार्ड के लिए चयनित होने पर खुशी जताई।
महिला एवं बाल कल्याण विभाग की ओर से दिए जाने वाले इस अवार्ड के लिए ऑनलाइन आवेदन मांगे । शूटर दादी चंद्रो तोमर और प्रकाशो तोमर ने इसके लिए आवेदन किया। इसके बाद इंटरव्यू की प्रक्रिया हुई। सोमवार को अवार्ड का एलान किया। निशानेबाजी में योगदान के लिए दोनों को यह अवार्ड दिया जाएगा। शूटर दादी चंद्रो तोमर के परिवार के सदस्य सुमित राठी ने बताया कि महिला दिवस पर यह पुरस्कार दिया जाएगा। शूटर दादी चंद्रो तोमर एवं प्रकाशो तोमर ने अवार्ड के लिए चुने जाने पर खुशी जताई है। उन्होंने कहा कि खेलों के लिए जो योगदान दिया था, उसके लिए उन्हें चुना गया है।