बड़ौत (बागपत)। मीटरों में फाल्ट बताकर चेकिंग के नाम पर कर्मचारियों द्वारा की जा रही अवैध वसूली के विरोध में मंगलवार को उपभोक्ताओं ने मुख्य शिकायत केंद्र पर प्रदर्शन किया। उनकी कर्मचारियों से तीखी नोकझोंक हुई। उपभोक्ताओं ने समस्या का शीघ्र समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
उपभोक्ताओं का कहना था कि बिजली चोरी रोकने के लिए चलाया जा रहा अभियान विभाग की बजाय अधिकारियों व कर्मचारियों के लिए फायदेमंद साबित हो रहा है। बिजली चोरी की चेकिंग में लगे मीटर पावर कार्पोरशन के कर्मचारी, प्राइवेट कर्मचारी इस गोरखधंधेे में लगे हैं। आरोप लगाया कि मीटरों में चेकिंग के नाम पर फाल्ट बताकर मुख्य शिकायत केंद्र व एक्सईएन प्रथम कार्यालय पर तैनात कर्मचारी उपभोक्ताओं से जमकर अवैध वसूली कर रहे हैं। आरोप लगाया कि चेकिंग के नाम बिजली चोरी करते पकड़े जाने पर कुछ को तो पैसे लेकर मौके पर ही दौड़ दिया जाता है और बाद में मीटर खराब होने की एप्लीकेशन देकर मीटर बदलवा देते है। उन्होंने प्रकरण की जांच कर कार्रवाई की बात कहीं। जेई टाऊन रवि प्रताप ने उन्हें प्रकरण की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। जेई रवि प्रताप का कहना था कि शिकायत मिली है, जिसकी जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी। इसमें विनीत, गौरव, मोहित, बबलू, सोनू, अशोक, सचिन, राजेश, सुरेंद्र, प्रमोद, नीरज, गौरव, संजीव, रवि शामिल रहे।