अमीनगर सराय (बागपत)।
मेरठ-बागपत मार्ग पर सिंघावली अहीर थाने के पास बस व अल्टो कार की टक्कर हो गई। इस हादसे में कार में सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दो युवक गंभीर घायल हो गए। कार में टक्कर लगने के बाद बस फार्म हाउस की दीवार से टकरा गई। बस में सवार कई यात्री मामूली रूप से चोटिल हुए हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे। पिलाना सीएचसी से दोनों घायलों को दिल्ली रेफर किया।
सिंघावली अहीर थाने के पास मेरठ-बागपत मार्ग पर दोपहर दो बजे के लगभग बागपत से यात्री लेकर मेरठ जा रही प्राइवेट बस की सामने से आ रही अनियंत्रित अल्टो कार में टक्कर हुई। बस कार को टक्कर मारने के बाद फार्म हाउस की दीवार से टकरा गई। हादसे में अल्टो कार में सवार नाजिम (35) पुत्र बाबू निवासी आर्य नगर बड़ौत और एक अज्ञात युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बावली गांव निवासी अमित पुत्र संजय, नेहरू रोड बड़ौत निवासी रजत पुत्र तेजपाल घायल हो गए। इस हादसे में बस में सवार पांच-छह यात्री भी घायल हो गए। उनके नाम पता नहीं लग सके। दुर्घटना के बाद चालक बस छोड़कर भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे। घायलों को पिलाना सीएचसी से गंभीर हालत मेें दिल्ली रेफर कर दिए। हादसे के बाद मार्ग पर जाम लग गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को सड़क से हटवाकर जाम खुलवाया। सिंघावली अहीर थानाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह संधू ने बताया कि एक मृतक की शिनाख्त नहीं हुई है। बस में 40-50 यात्री सवार थे। यात्रियों को कोई चोट नहीं आई। पीड़ित पक्ष की तरफ से अभी तक तहरीर नहीं आई है। तहरीर मिलने से मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
स्कार्पियो ने दुकानदार को टक्कर मारी, घायल
बागपत। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर गौरीपुर जवाहर नगर गांव में तेज रफ्तार स्कार्पियो गाड़ी ने दुकान के बाहर बैठे दुकानदार को टक्कर मार दी। जबकि चार लोगों ने इधर-उधर भागकर जान बचाई। गाड़ी की टक्कर से बाइक भी क्षतिग्रस्त हुई है। हादसे में धर्म सिंह चौहान निवासी गौरीपुर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे हरियाणा के सोनीपत में निजी अस्पताल में भर्ती कराय । दुकानदार उदयवीर धनकड़, तरूण, आशु, शक्ति सिंह ने बताया कि स्कार्पियो गाड़ी को युवती चला रही थी। सूचना पर पहुंची पुलिस स्कार्पियो गाड़ी को ले जाने लगी तो दुकानदारों ने हंगामा किया। उन्होंने कहा कि जब तक नुकसान की भरपाई नहीं की जाती, गाड़ी को नहीं जाने देंगे। पुलिस युवती सहित दो को हिरासत में लेकर कोतवाली ले गई। अभी तक किसी ने तहरीर नहीं दी। कोतवाली प्रभारी शिव प्रकाश सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
हादसे में ई रिक्शा चालक घायल
अग्रवाल मंडी टटीरी। मेरठ-बागपत मार्ग पर सर्वोदय स्कूल के पास कार ने ई रिक्शा में टक्कर मार दी। हादसे में रिक्शा चालक साहिद (55)पुत्र बाबू निवासी अग्रवाल मंडी टटीरी घायल हो गया। उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
े