बागपत। छपरौली के भाजपा विधायक सहेंद्र सिंह रमाला ने प्रदेश के गन्ना राज्यमंत्री सुरेश राणा से मिलकर किसानों की समस्या रखी। राणा ने किसानों की समस्याओं के समाधान और बकाया भुगतान जल्द से जल्द कराने की बात कही है। किसानों के सामने इंडेंट समेत जितनी भी समस्याएं है, उस पर विभाग के अधिकारी मंथन करने में जुटे हैं, जल्द ही समाधान निकाला जाएगा।
छपरौली विधायक सहेंद्र सिंह रमाला ने बताया कि लखनऊ में गन्ना राज्यमंत्री सुरेश राणा के आवास पर पहुंचकर मुलाकात की। बागपत के किसानों की समस्याओं को रखा। तौल केंद्रों की समस्या, इंडेंट जारी नहीं किए जाने और गन्ना तौल के वाहनों को ही बदले जाने के अलावा बकाया भुगतान की समस्या के विषय में बताया गया। गन्ना राज्यमंत्री सुरेश राणा ने कहा कि सरकार किसानों की समस्याओं को लेकर गंभीर है और जल्द से जल्द समाधान निकालने का प्रयास किया जा रहा है। विधायक ने छपरौली क्षेत्र के किसानों की समस्याओं से अवगत कराते हुए प्राथमिकता के आधार पर समाधान की मांग रखी।
टीकरी को लाभ, छपरौली में होगा विकास
बागपत। छपरौली विधायक सहेंद्र सिंह रमाला ने बताया कि क्षेत्र के लोगों की समस्याओं को देखते हुए उनके नेतृत्व में टीकरी के लोग सीएम योगी आदित्यनाथ से मिले थे। सीएम ने वायदा पूरा किया और अस्पताल का तोहफा दिया। इसके अलावा छपरौली को आदर्श नगर पंचायत का दर्जा दिलाने की मांग को लेकर उन्होंने नगर विकास मंत्री से कई बार मुलाकात की थी। छपरौली के विकास को नए पंख लगेंगे। चीनी मिल के दोहरीकरण से किसानों को पहले ही तोहफा दिया जा चुका है।