शिक्षकों ने कार्य का बहिष्कार कर दिया धरना
दोघट। जनता इंटर कालेज पलड़ी में छात्रों से अधिक फीस वसूलने तथा कार्यवाहक प्रधानाचार्य द्वारा शिक्षकों के साथ अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए शिक्षकों ने शिक्षण कार्य का बहिष्कार कर धरना दिया। उन्होंने कार्यवाहक प्रधानाचार्य को हटाए जाने की मांग की। वहीं कक्षाएं न चलने के विरोध में छात्र-छात्राओं ने भी प्रदर्शन कर डीएम से मामले में हस्तक्षेप कर कार्रवाई की मांग की।
धरने पर बैठे अध्यापकों का कहना था कि कार्यवाहक प्रधानाचार्य विनोद कुमार के आदेश पर विद्यालय में बच्चों से फीस के नाम पर अवैध वसूली शिक्षकों से कराई गई। जब इसकी शिकायत अभिभावकों ने शासन-प्रशासन से तो कुछ बच्चों की फीस वापस कर दी गई। अध्यापकों का कहना था कि कार्यवाहक प्रधानाचार्य किसी कार्य का बहाना बनाकर सभी शिक्षकों को बड़ौत तहसील ले गए, जहां उन्होंने दबाव बनाकर फीस वापस करने का शपथ पत्र बनवाकर देने को कहा, लेकिन शिक्षकों ने मना कर दिया। जिस पर प्रधानाचार्य ने शिक्षकों के साथ अभद्र व्यवहार किया। एक शिक्षिका ने भी अभद्रता की शिकायत की। उन्होंने कार्यवाहक प्रधानाचार्य के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
वहीं कालेज में कक्षाएं न चलने के विरोध में छात्र-छात्राओं ने प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि कार्यवाहक प्रधानाचार्य की मनमानी के चलते उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने डीएम से मामले में हस्तक्षेप कर कार्रवाई की मांग की। धरने पर संगीता, नीलम, प्रवीन, कुलदीप, प्रेमजीत, अनिल कुमार, सतीश कुमार, जहांगीर आलम, यूनुस आदि अध्यापकगण मौजूद रहे।