बागपत। गांगनौली गांव की पाइप पेयजल योजना अभी तक हैंडओवर नहीं हो सकी है। प्रधान के पति ने फर्जीवाड़े से हुए हैंडओवर की जांच और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सीडीओ ने एक सप्ताह में जांच का भरोसा दिलाया है।
गांगनौली गांव कृष्णा नदी के पास स्थित है। नदी के दूषित होने के कारण गांव का पानी भी पूरी तरह से प्रदूषित है। एनजीटी के आदेश पर हैंडपंप उखाड़े जा चुके हैं। प्रशासन की ओर से पाइप पेयजल परियोजना से पानी की टंकी का निर्माण कराया। जल निगम ने टंकी को हैंडओवर कर संचालित कर दिया। इससे 30 प्रतिशत लोगों को ही पानी की सप्लाई हो रही है। वर्तमान प्रधान सुभाषना ने जल निगम पर ग्राम सचिव के फर्जी हस्ताक्षर करके टंकी को हैंडओवर करने का आरोप लगाया। इसकी जांच कराने की मांग की थी। सोमवार को विकास भवन सभागार में प्रधान के पति सतवीर सिंह सीडीओ चांदनी सिंह से मिले। पानी की टंकी को संचालित कराने की जांच की मांग की। सीडीओ ने एक सप्ताह में जांच का आश्वासन दिया। उधर, गांगनौली प्रधान सुभाषना ने कृष्णा नदी पर बनाई गई ठोकर हटवाने की मांग रखी।