बड़ौत (बागपत)।
कोल्हू के अस्थायी विद्युत कनेक्शन कराने के नाम पर विद्युत निगम के कर्मचारियों और अवर अभियंताओं द्वारा की जा रही अवैध वसूली के विरोध में शनिवार को कई उपभोक्ता बिनौली रोड स्थित एक्सईएन द्वितीय कार्यालय में पहुंचे। हालांकि उन्हें अधिशासी अभियंता के न मिलने पर मायूस लौटना पड़ा। उपभोक्ताओं ने इस संबंध में मुख्यमंत्री सहित विद्युत निगम के उच्चाधिकारियों से शिकायत करने का निर्णय लिया है।
उपभोक्ताओं ने शनिवार को एक्सईएन द्वितीय कार्यालय में दिए ज्ञापन में कहा हम लोग दोघट थाना क्षेत्र के गांव के रहने वाले हैं। उन्होंने बताया कि एक्सईएन द्वितीय कार्यालय में तैनात कुछ कर्मचारी और अवर अभियंता कोल्हू के अस्थाई विद्युत कनेक्शन के नाम पर कोल्हू संचालकों से अवैध वसूली कर विद्युत निगम को हर माह लाखों का नुकसान पहुंच रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि हाल में ही एक जेई ने एक कोल्हू संचालक से कोल्हू का अस्थाई विद्युत कनेक्शन कराने के नाम पर 1.05 लाख रुपये ले लिए, लेकिन रुपये लेकर छह माह का अस्थाई विद्युत कनेक्शन कराने के नाम पर मात्र तीन माह का अस्थाई विद्युत कनेक्शन की रसीद दे दी। उन्होंने प्रकरण की जांच कराकर कार्रवाई की मांग की। वहीं अधिशासी अभियंता के दफ्तर में नहीं मिलने पर मायूस लौटे उपभोक्ताओं ने बताया इस संबंध में मुख्यमंत्री सहित विद्युत निगम के उच्चाधिकारियों से शिकायत करने का निर्णय लिया है। इसमें ओमकार, रामनरेश, जयवीर सिंह, जितेंद्र सिंह, दीपक कुमार आदि रहे। दूसरी तरफ एक्सईएन द्वितीय वीरेंद्र सिंह ने बताया कि फिलहाल इस संबंध में उपभोक्ताओं की कोई शिकायत नहीं मिली है। यदि शिकायत मिलती है तो तत्काल प्रभाव से कार्रवाई की जाएगी।