बड़ौत (बागपत)।
बिल जमा कराने व नया विद्युत कनेक्शन देने के नाम पर उपभोक्ताओं के लाखों रुपये डकारने वाले संविदा कर्मचारी के खिलाफ बृहस्पतिवार को लोगों ने मुख्य शिकायत केन्द्र पर प्रदर्शन किया। उनकी विद्युत अधिकारियों व कर्मचारियों से तीखी नोकझोंक हुई। उन्होंने जल्द कार्रवाई न होने पर एमडी से शिकायत करने की चेतावनी दी।
उपभोक्ताओं का आरोप था कि दो साल से मुख्य शिकायत केंद्र पर तैनात एक संविदा कर्मचारी उनकेे बिल जमा कराने व नया विद्युत कनेक्शन देने के नाम पर लाखों रुपये दबाए बैठा है। वह कर्मचारी जमा विद्युत बिल की रसीद उन्हें नहीं दे रहा है और न ही जमा कराए गए रुपयों को लौटा रहा है। उक्त कर्मचारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के लिए एसई रामबीर सिंह सहित अधिशासी अभियंता वीरेंद्र सिंह, एसडीओ चैन सिंह को शपथ पत्र भी दिए जा चुके हैं। आरोप लगाया कि एसई के आदेशों के बावजूद भी उक्त संविदा कर्मचारी को निगम के कुछ कर्मचारी व अधिकारी बचाने में जुटे हैं। इसकी शिकायत वे एमडी से करेगें।
एसई रामबीर सिंह ने बताया कि उपभोक्ताओं ने शपथ पत्र देते हुए सोमपाल नामक संविदा कर्मचारी की शिकायत की है। अधिशासी अभियंता व एसडीओ को शपथ पत्र के आधार पर उक्त संविदा कर्मचारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। देरी पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। अधिशासी अभियंता वीरेन्द्र सिंह का कहना था कि शपथ पत्र मिले हैं। जल्द ही कानूनी कार्रवाई की जाएगी।