बागपत। डिलीवरी के लिए अस्पताल पहुंची महिला और उसके परिजनों को सीएमएस ने महिला डॉक्टर उपलब्ध नहीं होने की बात कहकर लौटा दिया। पीड़ितों ने शिकायत डीएम से की। इसके बाद सीएमओ खुद जिला अस्पताल पहुंची और अपनी देखरेख में महिला की डिलीवरी कराई।
सपा नेता रामपाल पंवार की पुत्रवधू गीता देवी को सोमवार की रात में प्रसव पीड़ा हुई। परिजन गर्भवती को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। आरोप है कि स्टाफ ने महिला को रेफर किया। पंवार का कहना है कि इस बारे में उन्होंने सीएमएस से फोन पर बात की। सीएमएस ने अस्पताल में फिलहाल महिला डॉक्टर नहीं होने की बात कह किसी दूसरे अस्पताल में ले जाकर डिलीवरी कराने की सलाह दी। इस पर पीड़ित ने डीएम ऋषिरेंद्र कुमार को फोन करके जानकारी दी। डीएम ने सीएमओ से बातचीत कर हर संभव मदद करने की बात कही। इसके बाद सीएमओ डॉ. सुषमा चंद्रा जिला अस्पताल पहुंची, उनकी देखरेख में महिला को डिलीवरी कराई गई।
उधर, सीएमएस डॉ. बीएलएस कुशवाहा ने कहा अस्पताल में महिला डॉक्टर नहीं थी, इसलिए गर्भवती को रेफर किया जा रहा था। बाद में सीएमओ की देखरेख में महिला की अस्पताल में ही डिलीवरी हुई है।
वहीं सीएमओ डॉ. सुषमा चंद्रा ने कहा महिला चिकित्सक अपनी ड्यूटी करके इमरजेंसी कारणों से अस्पताल से गई हुई थी। जानकारी मिलते ही महिला चिकित्सक को अस्पताल में पहुंचा गया। गर्भवती महिला की अस्पताल में डिलीवरी हुई है।