बागपत। ट्रैफिक पुलिस वाले की वर्दी में एक बार फिर फेरबदल किया गया है। अब हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल खाकी पेंट के स्थान पर नीली पेंट में नजर आएंगे। यह बदलाव एक दिसंबर से लागू होगा।
पुलिस मुख्यालय के अपर महानिदेशक वीपी जोगदंड ने पुलिस अफसरों को भेजे पत्र में बताया यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए ट्रैफिक पुलिस सर्दी, गर्मी और बरसात के मौसम में चौराहों एवं व्यस्त बाजारों में ड्यूटी देती है। वर्तमान आधुनिक परिवेश में यातायात पुलिस कर्मियों के चौराहों एवं बाजारों में ड्यूटी के दृष्टिगत सुव्यवस्थित वर्दी धारण करने की आवश्यकता महसूस की गई है। इससे जनता के मध्य यातायात पुलिसकर्मियों की एक अलग पहचान हो सके। इस संबंध में अफसरों की मीटिंग हुई। इसमें यातायात कर्मियों की वर्दी में खाकी पेंट के स्थान पर नीली पेंट पर सहमति जताई ।
इस संबंध में पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश ने उत्तर प्रदेश पुलिस वर्दी विनियम 1986 में प्रदत्त अधिकारों के अधीन यातायात पुलिस के मुख्य आरक्षी और आरक्षी की वर्दी के रंग में परिवर्तन में अनुमोदन प्रदान किया । इसके लिए प्रत्येक कर्मचारी को प्रतिवर्ष 2250 रुपये की धनराशि भुगतान होगी। यातायात कर्मी अपने स्तर से वर्दी क्रय करके धारण करेगा। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी यातायात पुलिसकर्मी एक दिसंबर से खाकी पेंट के स्थान पर नीली पेंट धारण करें। एसपी जय प्रकाश का कहना है कि उच्चाधिकारियों के निर्देश का पालन कराया जाएगा।