बिनौली (बागपत)।
बीपी इंटर कॉलेज, बिजवाड़ा की प्रबंध समिति का चुनाव रविवार को पुलिस सुरक्षा बल के बीच हुआ। इसमेें विकास कौशिक अध्यक्ष और राहुल तोमर प्रबंधक बने।
चुनाव में मतदान प्रक्रिया सुबह आठ बजे से निर्वाचन अधिकारी एडवोकेट श्योबीर सिंह तोमर, ओबजर्वर हुकम सिंह, डीआईओएस कार्यालय बागपत की देखरेख में पुलिस सुरक्षा बल के बीच शुरू हुआ। चुनाव अधिकारी श्योबीर सिंह तोमर ने बताया कि दो पैनल के अध्यक्ष और प्रबंधक पद के लिए मतदान हुआ। राहुल तोमर पैनल के उप प्रबंधक पद पर रणवीर सिंह, उपाध्यक्ष पर सोहन पाल, कोषाध्यक्ष पद पर रतन सिंह सहित पैनल के सभी सदस्य निर्विरोध चुने जा चुके हैं। जबकि दूसरे पैनल यशवीर सिंह ने प्रबंधक पद पर किरण पाल ने अध्यक्ष पद पर नामांकन पत्र दाखिल किया । इसके अलावा इनके पैनल पर किसी भी पद पर नामांकन पत्र दाखिल नहीं हुआ । मतदान प्रक्रिया चार बजे सीओ बागपत दलीप सिंह, थानाध्यक्ष चंद्रकांत पांडेय के नेतृत्व में पुलिस बल के बीच हुई। मतगणना प्रक्रिया के दौरान विकास कौशिक बड़ावद ने अध्यक्ष पद पर 1575 मत प्राप्त कर विजय प्राप्त की। जबकि 1592 मत लेकर राहुल तोमर प्रबंधक बने। जबकि दूसरे पैनल के अध्यक्ष पद के दावेदार किरण पाल को 116 और प्रबंधक पद के दावेदार यशवीर सिंह को 126 मत मिले। चुनाव अधिकारी ने बताया प्रबंध समिति के कुल 4973 मतदाता हैं। 1733 मतदाताओं ने अपने मत डाले और 7 निरस्त हुए।
मतदान में गड़बड़ी का आरोप लगाकर किया हंगामा
बिनौली। बीपी इंटर कॉलेज बिजवाडा की प्रबंध समिति के चुनाव प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद एक गुट ने मतदाता सूची में गड़बड़ी का आरोप लगाकर जमकर हंगामा भी किया। इस दौरान उनकी पुलिस और चुनाव प्रक्रिया में लगे कर्मचारियों से नोकझोंक भी हुई। उन्होंने कहा चुनाव प्रक्रिया से पहले ही मतदाता सूची में गड़बड़ी की शिकायत डिप्टी रजिस्ट्रार फर्म एंड सोसायटी, डीआईओएस औक डीएम से की थी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। दूसरी तरफ चुनाव अधिकारी श्योबीर सिंह एडवोकेट का कहना था कि मतदाता सूची की आपत्ति दूर कर दी गई थी। हंगामा करने वालों में प्रभात शील, मास्टर भंवर सिंह, सीताराम, किरण पाल, रमेश चंद, ब्रह्म पाल, धीरज उज्ज्वल, जयवीर, सेवाराम, मोतीराम, कृष्णपाल, करतार, इकबाल, सूबे सिंह, सुखवीर, नेपाल, सुदेश, यशवीर आदि रहे।