दोघट (बागपत)। मिलाना गांव के पास राजबाहे की पटरी पर कई दिन से हाईटेंशन विद्युत लाइन का तार टूटा पड़ा है। ग्रामीणों ने कहा टूटे तार से करंट दौड़ रहा है। उन्होंने कहा सूचना देने के बाद भी विद्युत निगम का कोई भी कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा।
मिलाना राजबाहे की पटरी से कई गांवों के लोगों का आना-जाना लगा रहता है। तीन दिन पहले पटरी पर ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन का तार टूट कर गिर गया और वहां से गुजर रहे लोगों ने इधर-उधर भागकर जान बचाई । सूचना देने के बाद भी अभी तक तार नहीं जोड़ा है और इसमें करंट दौड़ रहा है। इससे लोगों में दहशत है। लोगों ने बताया विद्युत लाइन के तार जर्जर है और आए दिन टूटकर गिरते हैं। इससे कई बार हादसे भी हो चुके हैं। उन्होंने कई बार विद्युत निगम के अफसरों को लिखित में अवगत कराया, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। उन्होंने कहा यदि शीघ्र समस्या का समाधान नहीं हुआ तो एक्सईएन कार्यालय बड़ौत पर धरना शुरू होगा। इनमें रामफूल, ब्रजपाल, यामीन, नफीस, मुस्तकीम, भोपाल, सुरेंद्र आदि रहे।