जल्द गन्ना भुगतान नहीं तो आंदोलन
बड़ौत (बागपत)। छछरपुर गांव मेें किसानों ने सोमवार को मलकपुर चीनी मिल के खिलाफ पंचायत की। इसमें बकाया गन्ना भुगतान की मांग को लेकर घंटों तक मंथन किया। पंचायत में मिल प्रशासन द्वारा जल्द बकाया गन्ना भुगतान नहीं करने पर आंदोलन शुरू करने का निर्णय लिया।
पंचायत की अध्यक्षता ग्राम प्रधान अनिल कुमार एडवोकेट ने की। संचालन ओमपाल ने किया। पंचायत मेें छछरपुर, गूंगा खेड़ी, मलकपुर, बावली, बड़ौत, वाजिदपुर, गुराना आदि गांवों के गन्ना उत्पादक किसानों ने भाग लिया। पंचायत में ग्राम प्रधान अनिल कुमार एडवोकेट ने कहा मलकपुर चीनी मिल क्षेत्र के किसानों का करोड़ों रुपये बकाया गन्ना भुगतान दबाएं बैठी है, डीएम से शिकायत करने के बाद भी न तो जिला प्रशासन किसानों की मदद कर रहा है और न ही मिल प्रशासन बकाया गन्ना भुगतान दे रही है। बकाया गन्ना भुगतान न होने से किसान परेशान हैं। आर्थिक तंगी के चलते कुछ किसान आत्महत्या भी कर रहे हैं, लेकिन प्रशासनिक अधिकारी चुप्पी साधे बैठे हैं। इससे अब बर्दास्त नहीं किया जाएगा। पंचायत में शामिल लोगों ने एक साथ हाथ उठाकर मिल प्रशासन द्वारा जल्द भुगतान न देने पर उग्र आंदोलन शुरू करने का निर्णय लिया। इसमें गौरव चौधरी, कालू, ओमपाल, विक्रम, विनीत, शौकीन, नीतिश, संजीव, अजय, नवीन, शीलू, रिजवान, कल्लू, ओमकार आदि रहे।