दोघट/ दाहा (बागपत)। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जनपद में हुई महिला कुश्ती चैंपियनशिप में दाहा गांव की महिला पहलवान नीतू राणा ने भारत कुमारी का खिताब जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन किया गया है। खिलाड़ी का गांव पहुंचने पर खेल प्रेमियों ने स्वागत किया।
कोच रघुनाथ पहलवान ने बताया 31 अगस्त से दो सितंबर तक रायगढ़ जनपद में जिला प्रशासन और महिला एवं बाल विकास के तत्वावधान में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत 33वें चक्रधर समारोह का आयोजन किया । इसमें महिला भारत केसरी और भारत कुमारी कुश्ती चैंपियनशिप भी हुई। इसमें दाहा गांव की महिला पहलवान नीतू राणा ने भाग लेकर 66 किलोग्राम भार वर्ग में हिना यादव और शैलजा को पटखनी दी और महिला भारत कुमारी का खिताब अपने नाम कर लिया। नीतू राणा को डीएम ने 31 हजार रुपये की नगद धनराशि देकर सम्मानित किया। उन्होंने बताया मुजफ्फरनगर जनपद की महिला पहलवान दिव्या सैन ने 72 किलोग्राम भार वर्ग में संत नगर की नीलम तोमर को हराकर महिला भारत केसरी का खिताब जीता। डीएम ने उन्हें 51 हजार रुपये देकर सम्मानित किया। सोमवार को पहलवान नीतू राणा का दाहा गांव पहुंचने पर खेल प्रेमियों ने स्वागत किया। इनमें भोपाल, सीटू, पप्पू जैन, चरण सिंह, सुमित पहलवान, सुरेंद्र, निर्भय, रामबीर, सूरज पहलवान आदि रहे।