बागपत के बड़ागांव के पास ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर श्रद्धालुओं से भरी पिकअप पलटने से 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि 23 घायल हैं। सीएम योगी ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख और घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता देने के निर्देश दिए हैं।
विज्ञापन
1 of 9
सुगमपाल, प्रेम सिंह, रामेश्वर, जयसिंह (ऊपर), बेगमवती, भगवंती, मुन्नी देवी और मूर्ति देवी। फाइल फोटो।
- फोटो : अमर उजाला
राजस्थान के गोगामेड़ी बागड़ धाम से वापस बदायूं जा रहे श्रद्धालुओं से भरी पिकअप ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर बड़ागांव के पास रविवार रात करीब डेढ़ बजे कैंटर की साइड लगने से अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। इस हादसे में एक बच्ची, किशोर समेत 13 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 23 घायल हो गए। मृतकों में पति-पत्नी, भाई-बहन और दो सगे भाई हैं तो कई मृतक एक ही परिवार के सदस्य हैं।
विज्ञापन
2 of 9
जितेंद्र की फाइल फोटो और ईपीई पर हादसे के बाद का मंजर।
- फोटो : अमर उजाला
बदायूं जिले के निजामपुर के रहने वाले कुंवरपाल ने बताया कि अल्लापुर चमारी, सरैय्या, चेतु नंगला, मदारपुर उस्मानपुर, निजामपुर, गौसपुर बिनावर और रसूलपुर समेत कई गांवों के 35 श्रद्धालु दो सितंबर को पिकअप गाड़ी में राजस्थान के हनुमानगढ़ में गोगामेड़ी के बागड़ धाम मंदिर में गए थे। धाम में दर्शन और पूजा करने के बाद रविवार सुबह नौ बजे वापस चल दिए। पिकअप को अरुण निवासी अल्लापुर चला रहा था।
विज्ञापन
3 of 9
घायल अस्पताल में भर्ती।
- फोटो : अमर उजाला
रविवार रात डेढ़ बजे ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर बड़ागांव के पास पहुंचे तो चालक अरुण ने डासना की जगह गलती से पिकअप को बड़ागांव कट से नीचे उतार दिया। उसे नीचे टोल प्लाजा पर गलत उतरने का पता लगा तो वह दूसरी साइड से एक्सप्रेसवे पर हरियाणा के कुंडली की तरफ जाने वाली सड़क पर चढ़ गया। वहां से दो सौ मीटर आगे जाते ही एक्सप्रेसवे में चालक ने यू-टर्न समझा और पिकअप को मोड़ने के लिए दूसरी से पहली लेन में लेकर जाने लगा।
4 of 9
हादसे में घायल।
- फोटो : अमर उजाला
तभी गाजियाबाद की तरफ से तेज गति से आ रहे कैंटर ने उसमें साइड मार दी। पिकअप गाड़ी डिवाइडर से टकराकर पलट गई और सभी श्रद्धालु एक्सप्रेसवे पर कई-कई फिट उछलकर नीचे गिरे। हादसा होते ही एक्सप्रेसवे पर चीख-पुकार मच गई और वे बचाव के लिए चिल्लाने लगे। वहां वाहन रुक गए और आधा घंटे तक जमा लग गया। राहगीरों ने डायल-112 को सूचना दी तो वहां आए पुलिसकर्मियों ने घायलों को एंबुलेंस व अन्य वाहनों से खेकड़ा सीएचसी और जिला अस्पताल पहुंचाया।
विज्ञापन
5 of 9
अस्पताल में भर्ती घायल।
- फोटो : अमर उजाला
जिला अस्पताल में किशोर समेत छह श्रद्धालुओं को मृत घोषित कर दिया गया। यहां तीन को भर्ती कर लिया गया, जबकि अन्य को स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर नहीं मिलने के कारण मेरठ मेडिकल कॉलेज व जीटीबी दिल्ली रेफर किया गया। मेरठ मेडिकल कॉलेज में भी उपचार के दौरान एक बच्ची व उसके भाई समेत सात श्रद्धालुओं की मौत हो गई। डीएम अस्मिता लाल और एसपी सूरज कुमार राय रात में जिला अस्पताल पहुंचे। वहीं सोमवार को एडीजी भानु भास्कर और डीआईजी कलानिधि नैथानी ने घटनास्थाल का निरीक्षण करने के साथ ही जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना।
विज्ञापन
6 of 9
अस्पताल में घायल।
- फोटो : अमर उजाला
मृतकों के परिवारों को दो-दो लाख व घायलों को 50-50 हजार रुपये की मदद
13 श्रद्धालुओं की हादसे में मौत के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ ने घटना को हृदय विदारक बताते हुए इस पर दुख जताया। उन्होंने पीड़ित परिवारों के लिए शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने मृतकों के परिवारों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये आर्थिक मदद दिए जाने की घोषणा की।
विज्ञापन
7 of 9
अस्पताल में घायल।
- फोटो : अमर उजाला
कैमरे में पिकअप से टकराता दिखा कैंटर
एसपी सूरज कुमार राय ने बताया कि हादसे के बाद डासना में एनएचएआई के कंट्रोल रूम में जाकर सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी गई। जिस जगह पर हादसा हुआ, उससे काफी दूर कैमरा लगा हुआ है। उसमें दो वाहनों की लाइटें जलती हुई दिख रही हैं और वे आपस में टकराते हैं। इससे ज्यादा वहां के कैमरे में कुछ नहीं दिखाई देता है।
ये श्रद्धालु हुए घायल
एक्सप्रेसवे पर हुए हादसे में अल्लापुर चमारी गांव की महेशो देवी, दिलीप, खुशी, यादराम, मूर्ति देवी, प्रेमवती, सोनी, विपिन, गोपाल, अखिलेश, सिंधु, अवनीश, कल्लो, अनमोल, अरुण, सुल्तानश्री, निजामपुर गांव निवासी प्रदीप, उसका भाई कुंवरपाल, बेगमवती, चेती नंगला निवासी निखिल, दिलीप, विपिन, रसूलपुर निवासी आनन्द समेत 24 घायल हो गए। उनका जिला अस्पताल, मेरठ मेडिकल कॉलेज और जीटीबी दिल्ली में उपचार चल रहा है।
8 of 9
घायल बच्चे का इलाज।
- फोटो : अमर उजाला
इनकी हुई मौत, सभी बदायूं के रहने वाले
मुन्नी (55) पत्नी जयसिंह उर्फ साधु अल्लापुर चमारी
जयसिंह उर्फ साधु (60) पुत्र मुंशी निवासी अल्लापुर चमारी
प्रेमसिंह (55) पुत्र मुंशी अल्लापुर चमारी
दीक्षा (2) पुत्री विकास सरैय्या
सौरभ (4) पुत्र विकास सरैय्या
मूर्ति देवी (60) पत्नी थान सिंह अल्लापुर चमारी
भगवती (45) पत्नी छत्रपाल अल्लापुर चमारी
मुनीम (45) पुत्र आनंद कुमार गौसपुर बिनावर
जितेंद्र (10) पुत्र नैनपाल अल्लापुर चमारी
रामेश्वर (80) पुत्र शिवदास अल्लापुर चमारी
बेगमवती (60) पत्नी मुन्नालाल निजामपुर
सुगमपाल (35) पुत्र नेत्रपाल निवासी चेतु नंगला
अवनीश (35) पुत्र साहवा सिंह निवासी गांव अल्लापुर चमारी
ये बोले एडीजी
ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर कैंटर से साइड लगने के बाद डिवाइडर से टकराकर पिकअप गाड़ी पलट गई। घायलों का जिला अस्पताल, मेरठ मेडिकल कॉलेज व दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है। इसमें जिसकी भी गलती है, उसके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। -भानु भास्कर, एडीजी