बड़ौत (बागपत)।
घर से बाहर बिजली का मीटर लगाने के नाम पर उपभोक्ताओं से की जा रही अवैध वसूली की बढ़ती शिकायतों को देखकर एसई ने संबंधित ठेकेदारों के खिलाफ संबंधित थानों पर मामला दर्ज कराया है। एसई ने चेतावनी दी है कि किसी भी हाल में उपभोक्ताओं से अवैध वसूली व शोषण बर्दास्त नहीं होगा।
दो सप्ताह पहले भी एसई रामबीर सिंह ने संविदा कर्मचारियों का छह माह से मानदेय न देने वाले कई ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई की, क्योंकि मानदेय न मिलने पर संविदा कर्मचारी आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं। उनकी शिकायत पर यह कदम उठाया। इससे ठेकेदारों में हड़कंप मच गया, लेकिन अभी भी कई ठेकेदार बाज नहीं आ रहे है। पिछले कई रोज से उपभोक्ता निगम के टोल फ्री नंबर व एसई रामबीर सिंह को शिकायत कर रहे है कि मीटर को घर से बाहर निकालने के नाम पर उपभोक्ताओं से जमकर अवैध वसूली की जा रही है। इससे उपभोक्ता परेशान हैं। एसई ने शिकायतों को गंभीरता से लिया और प्रकरण की जांच कराई तो शिकायत सही मिली। इसके बाद एसई रामबीर सिंह ने संबंधित ठेकेदारों को चेतावनी दी, लेकिन वे फिर भी बाज नहीं आए। बढ़ती शिकायतों को देखकर अब उक्त ठेकेदारों के खिलाफ संबंधित थाने में मामला दर्ज कराया। एसई के निर्देश पर अधिशासी अभियंता प्रथम गोपाल सिंह, प्रभारी अधिशासी अभियंता द्वितीय सुधाकर ने जिस क्षेत्र से उपभोक्ता की शिकायत आ रही है, उससे संबंधित थाने में ठेकेदारों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई।