खेकड़ा (बागपत)।
हिंदू संगठनों और भाजपाइयों के हस्तक्षेप के बाद प्रेमी युगल बैकफुट पर आ गया। प्रेमी युगल ने तलाक ले लिया। इसके बाग युवती अपने घर पहुंच गई।
एक सप्ताह पहले एक विशेष समुदाय के शादीशुदा युवक ने अपनी पत्नी को तलाक देकर नगर निवासी दूसरे समुदाय की एक युवती से गाजियाबाद कोर्ट में जाकर कोर्ट मैरिज की। शादी करने के बाद दोनों ने खेकड़ा थाने में पुलिस को कोर्ट मैरिज के कागजात दिखाए और सुरक्षा दिलाने की मांग की। पुलिस ने उन्हें सुरक्षा दिलाने की बात कही। अलग अलग समुदाय के युवक युवती द्वारा कोर्ट मैरिज करने का मामला नगर क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा।
हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों को उक्त मामले की जानकारी मिली तो वह नगर में युवती के घर 22 दिसंबर को पहुंचे। वहां उन्होंने युवती को लव जिहाद के मामलों के बारे में समझाया और उसे उसकी जिंदगी बर्बाद होने से बचाने को कहा। हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों के समझाने पर युवती ने उनकी बात मान ली और युवती ने प्रेमी पति को किसी बात का बहाना देकर खेकड़ा बुला लिया। इसके बाद युवती उसे लेकर हिंदू संगठनों, भाजपाइयों के साथ गाजियाबाद रजिस्ट्रार कार्यालय में पहुंची। वहा युवती ने कागजी कार्रवाई कर प्रेमी पति को तलाक दे दिया। तलाक देने के बाद युवती अपने घर पर मां के पास पहुंच गई। थाना प्रभारी उमेश रोरिया का कहना है कि उन्हें तलाक देने के मामले की जानकारी नहीं है। मामले की जानकारी कराई जाएगी।