बागपत। धनतेरस पर बाजार में ग्राहकों की भीड़ उमड़ पड़ी। बागपत, बड़ौत और खेकड़ा सहित अन्य कस्बों और शहरों में लोगों ने जमकर खरीदारी की। सराफा बाजार भी चहका। इसके अलावा वाहनों की खूब बिक्री हुई। लोगों ने बाइक, कार और ट्रैक्टर भी खरीदे ।
जिलेभर में मंगलवार को धनतेरस का त्योहार धूमधाम के साथ मनाया गया। इस दौरान बाजार में लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। बागपत के सराफा बाजार, गांधी बाजार, शौकत मार्केट, होली चौक, बड़ौत रोड और कोर्ट रोड स्थित दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ रही। वाहन एजेंसियों पर भी दिनभर वाहन खरीदने वालों की भीड़ लगी रही। घरेलू प्रयोग में काम आने वाले उपकरण फ्रिज, एलईडी सहित अन्य सामान खरीदे गए। जिलेभर के बाजार गुलजार है। मान्यता के अनुसार सोना, चांदी, बर्तन और झाडू़ को खरीदना धनतेरस पर शुभ माना जाता है, जिसको लेकर बाजारों में सामान खरीदने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ गई। सुबह से ही मिठाई, कपड़े, जेवरात की दुकानों पर भी अच्छीखासी भीड़ रही। शाम को लोगों ने अपने घरों में विशेष पूजा अर्चना की। दूसरी तरफ अग्रवाल मंडी टटीरी और अमीनगर सराय कस्बे में धनतेरस त्योहार को लेकर कस्बे के बाजारों में खासी भीड़भाड़ रही।