जिला बार एसोसिएशन के चुनाव से लेकर अधिवक्ताओं के दो गुटों में चल रहे विवाद के कारण एक सप्ताह से चैंबर की बत्ती गुल है। बिजली न होने के कारण वकील अंधेरे मेें काम करने को मजबूर हैं। अधिवक्ताओं पर करीब पांच लाख रुपये विद्युत बिल बकाया है। विवाद के कारण एसोसिएशन का एकाउंट सीज हो गया है।
जिला बार एसोसिएशन के चुनाव को लेकर अधिवक्ताओं के दो गुटों विवाद हो गया । दोनों गुटों ने अपने-अपने अध्यक्ष बना लिए थे। चार दिन पहले कचहरी परिसर में किसी बात को लेकर दोनों गुटों के अधिवक्ताओं में विवाद हो गया। दोनों तरफ से कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया। मामले की जांच करने पहुंची सीओ खेकड़ा वंदना शर्मा के सामने भी अधिवक्ताओं के बीच नोंकझोंक हुई। इसी विवाद के चलते जिला बार एसोसिएशन का एकाउंट सीज हो गया है। अब आलम यह है कि चैंबरों में कई दिनों से बिजली नहंी है, क्योंकि पांच लाख रुपये विद्युत बिल होने के कारण विभाग ने कनेक्शन काट दिया है। इस संबंध में जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सतेंद्र खोखर ने बताया कि गुट के अधिवक्ताओं के साथ मिलकर जनरेटर की व्यवस्था कर ली है। विद्युत विभाग के अधिकारियों से भी मामले को लेकर बातचीत कर रहे हैं। जल्द ही बिजली की समस्या से अधिवक्ताओं को निजात दिलाई जाएगी। वहीं दूसरी एसोसिएशन के अध्यक्ष श्योबीर तोमर ने बताया कि विवाद के कारण एसोसिएशन के एकाउंट को बैंक ने सीज कर दिया है। कई अधिवक्ताओं ने बैंक में आपत्ति भी दी है। यदि वह अधिवक्ता आपत्ति वापस ले लें तो सभी समस्याओं को दूर किया जा सकता है। उनके गुट की किसी से व्यक्तिगत लड़ाई नहीं है।