बरेली के ध्यानार्थ
दो दिन पहले ही जिला जेल से बरेली सेंट्रल जेल में किया शिफ्ट
बागपत। बरेली सेंट्रल जेल से पुलिस घेरे में कुख्यात वरुण लुहारी को न्यायालय में पेशी पर लाया गया। दो पहले ही बदमाश को जिला कारागार से सेंट्रल जेल में शिफ्ट किया था। पेशी के बाद पुलिस उसे वापस बरेली ले गई।
2017 में हुए नगर पालिका चुनाव के दौरान कुख्यात बदमाश वरुण लुहारी ने बड़ौत में सभासद प्रत्याशी पर फायरिंग कर दी थी, जिसमें एक व्यक्ति घायल हो गया था। इस मामले में वरुण लुहारी को बरेली सेंट्रल जेल से न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस घेरे में उसे बरेली से बागपत तक लाया गया। जिला जेल में पूर्वांचल के डॉन मुन्ना बजरंगी की हत्या के बाद कुख्यात बदमाशों को दूसरी जेलों में शिफ्ट कर दिया गया। दो दिन पहले ही वरुण लुहारी को जिला जेल से बरेली सेंट्रल जेल में शिफ्ट किया गया था। पेशी के बाद पुलिस उसे वापस बरेली लेकर चली गई। वहीं कचहरी में सीओ दिलीप सिंह के नेतृत्व में चेकिंग अभियान चलाया गया। बंदियों से मिलने आए लोगों की तलाशी की गई। हालांकि पुलिस को कोई आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली। जेल में बजरंगी की हत्या के बाद कहचरी में भी पुलिस ने चौकसी बढ़ा दी थी।
--------------------
सौरव ने कोर्ट में किया सरेंडर
बागपत। मलकपुर निवासी सौरव पुत्र राजेंद्र ने पुलिस को चकमा देकर न्यायालय में आत्म-समर्पण कर दिया। उस पर बड़ौत कोतवाली में जानलेवा हमले व धमकी देने की धाराओं में मुकदमा दर्ज हैं। कोर्ट से उसे जेल भेज दिया गया।