मलकपुर चीनी मिल की मरम्मत में सहयोग करेगी समिति
बड़ौत।गन्ना विकास समिति मलकपुर की बैठक में मंगलवार को नेहरू रोड स्थित कार्यालय पर संपन्न हुई। इसमेें किसानों ने बढ़चढ़ कर भाग लिया। बैठक मेें सर्वसम्मत्ति से मलकपुर चीनी मिल की मरम्मत के लिए समिति के कोष से धनराशि देने का निर्णय लिया गया।
बैठक की अध्यक्षता समिति के चेयरमैन धूम सिंह ने किया। बैठक मेें काफी संख्या में किसान पहुंचे और समस्याएं रखीं। बैठक में पेराई सत्र 2016-17 के कमीशन और ब्याज भुगतान पर विचार किया गया। वक्ताओं ने बताया कि पेराई सत्र 2016-17 का सम्पूर्ण गन्ना मूल्य भुगतान किया जा चुका है। मगर समिति का कमीशन और कृषकों का देय गन्ना मूल्य भुगतान पर 14 दिन के अंदर पर देय ब्याज का भुगतान नहीं किया गया तथा न ही चीनी मिल द्वारा उक्त भुगतान के संबंध में समय सारिणी दी गयी। इसके अलावा बैठक में पेराई सत्र 2017-18 के कमीशन, गन्ना मूल्य भुगतान व ब्याज का भुगतान को लेकर भी विचार रखेें गए। इसके अलावा पेराई सत्र 2018-19 में चीनी मिल के संचालन और अवशेष चीनी से 15 प्रतिशत चीनी मिल की मरम्मत करने का प्रस्ताव पारित किया गया। निर्णय लिया गया कि समिति अपने कोष से मिल की मरम्मत के लिए धनराशि देगी। बैठक में कर्ण सिंह, रविंद्र, ओमवती, सुमन, कुलवीर धामा, इंद्रपाल सिंह आदि शामिल रहे।