बिनौली (बागपत)।
धनौरा सिल्वरनगर गांव में देसी शराब के ठेके पर ग्रामीणों ने जमकर तोड़फोड़ की। इस दौरान सेल्समैन को मारपीट कर ठेका बंद करा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर शांत किया। ग्रामीणों ने कहा यदि शीघ्र ठेका बंद नहीं किया तो उग्र आंदोलन होगा।
सोमवार की रात में कश्यप समाज के काफी संख्या में महिला और पुरुष बस्ती में स्थित देसी शराब के ठेके पर पहुंचे और हंगामा किया। उन्होंने सेल्समैन को बाहर निकाल कर ठेका बंद कर दिया। विरोध करने पर सेल्समैन अरम पाल की पिटाई कर दी। ग्रामीणों ने कहा आबादी के बीच में शराब का ठेका खोला है। यहां पर प्राथमिक विद्यालय भी है। इससे बच्चों और ग्रामीणों पर बुरा असर पड़ेगा। पहले ठेका गांव के बाहर था। ठेके को आबादी से बाहर किया जाए। सूचना पर रात में ही बिनौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हंगामा कर रहे ग्रामीणों को समझाकर शांत किया। ग्रामीणों ने कहा यदि ठेका खोला तो ठेके के खिलाफ आंदोलन शुरू होगा। बस्ती में किसी भी हालत में ठेका नहीं खोलने दिया जाएगा। बिनौली थानाध्यक्ष अनुराग शर्मा ने बताया कि ग्रामीण शराब के ठेका का विरोध कर रहे हैं। ठेके को फिलहाल बंद करा दिया गया है। आबकारी विभाग के अधिकारियों को सूचना दी गई है।