रमाला (बागपत)। क्षेत्र के किरठल गांव में जर्जर लाइन का तार टूटकर गेहूं के खेत में गिर गया। किसान की छह बीघा गेहूं की फसल जल गई। नाराज किसानों ने हंगामा किया। किसानों का कहना था कि जर्जर तार के कारण आग लगी है। विद्युत निगम के अधिकारियों से कई बार तार बदलवाने की मांग की गई, लेकिन किसी ने समस्या की ओर ध्यान नहीं दिया।
किरठल गांव निवासी महिला किसान राजबीरी देवी पत्नी स्वर्गीय वेद सिंह के खेतों के ऊपर से बिजली की लाइन गुजर रही है। शनिवार को जर्जर लाइन का तार टूटकर गेहूं के खेत में गिर गया। तार टूटकर गिरन से फसल में आग लग गई। आसपास के किसान मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। मशक्कत के बाद किसी तरह किसानों ने आग पर काबू पाया। किसान की करीब छह बीघा फसल जल गई। नाराज किसानों ने रमाला-टांडा मार्ग पर हंगामा किया। किसानों ने कहा कि विद्युत निगम की लापरवाही के कारण फसल में आग लगी है। उर्जा निगम से फसल का मुआवजा दिए जाने की मांग रखी। किसानों ने एलान किया कि अगर जर्जर लाइन नहीं बदलवाई गई तो किसान बिजलीघर का घेराव करेंगे।