छपरौली (बागपत)। हलालपुर गांव में शीशपाल उर्फ बाबू के आवास पर भारतीय किसान यूनियन की बैठक में खंद्रावली रजवाहे में पानी न आने पर रोष व्यक्त किया गया। मंडल उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह ने बताया कि 45 किमी लंबे रजवाहे में सिंचाई विभाग द्वारा सफाई नहीं कराई गई है और पानी टेल तक नहीं पहुंच पाता है। खेतों की सिंचाई न होने से किसानों को भारी नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। तीन फरवरी को धरने प्रदर्शन की रूप रेखा तैयार की गई। सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता ने दो दिन में समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया। चेतावनी दी दो दिन के अंदर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा। महिपाल सिंह, रामनिवास, ओमपाल, श्याम सिंह, नरेश, नरेंद्र, मास्टर राजपाल सिंह उपस्थित रहे।
चिंगारी से ईंख की फसल जली
छपरौली (बागपत)। बौढ़ा गांव में बिजली का तार टकराने से किसान की गन्ने की फसल जल गई। पीड़ित किसान ने थाने पहुंचकर ऊर्जा निगम के खिलाफ तहरीर दी। रकम सिंह ने बताया कि उसके खेत के ऊपर से हाईटेंशन विद्युत लाइन गुजर रही है। तारों के आपस में टकराने से निकली चिंगारी से ईख की तीन बीघा फसल में आग लग गई।