बागपत। मौसम के सर्द मिजाज से लोग कंपकंपाए। ठंडी हवाएं चली। तापमान गिर गया। बृहस्पतिवार को दिन का न्यूनतम तापमान 15 डिग्री रहा, जबकि बुधवार रात को यह 8.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया। सर्दी के अब तक का सबसे ठंडा दिन और सबसे ठंडी रात रिकॉर्ड की गई।
बुधवार रात में ही मौसम में घुली ठंडक ने लोगों को कंपकंपना शुरू कर दिया था। मौसम विज्ञान विभाग की मानें तो बुधवार की रात का न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। बृहस्पतिवार को दिन में भी ठंड ने रिकॉर्ड तोड़ा। सर्द हवाएं चलीं और सूरज बादलों के पीछे ही छिपा रहा। दिन का न्यूनतम तापमान 15 डिग्री रिकॉर्ड किया । सर्द हवा के चलते लोग कंपकंपाते दिखे। सर्दी का असर बाजार में साफ नजर आया। ग्राहकों की संख्या कम रही। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे समेत अन्य मार्गों पर वाहन कम रहे। दुपहिया वाहनों की संख्या कम रही। शाम को चार बजे ही अंधेरा घिर आया। आसमान में बादल छाए रहे।
मौसम से किसानों की चिंता बढ़ी
बागपत। मौसम का मिजाज नहीं सुधरा तो किसानों की चिंता बढ़ना लाजिमी है। गेहूं की बुवाई में देरी होगी। गन्ने की छिलाई और तौल का कार्य भी प्रभावित रहा। अधिकतर तौल केंद्रों पर दो दिन पहले हुई बरसात का पानी अब तक भरा है। आलू के किसान भी चिंतित हैं।
एक ही दिन जले अलाव, सूने रैन बसेरे
बागपत। प्रशासन ने अलाव की व्यवस्था का दावा किया है, लेकिन एक ही दिन चौराहों पर अलाव जलते दिखे। इसके अलावा रैन बसेरे अब तक खाली पड़े हैं।
अब तक दो लोगों की मौत का दावा
बागपत। जिले में ठंड से अब तक दो लोगों की मौत का दावा किया गया है। निवाड़ा और चांदीनगर में दो बुजुर्गों की मौत हुई है। परिजनों का कहना है कि ठंड से मौत हुई थी।