बड़ौत (बागपत)। निकाय चुनाव में लोगों ने उत्साह दिखाया। बारात में जाने से पहले दोघट में एक दूल्हे ने भी मतदान किया। इस दौरान बारात बूथ के बाहर दूल्हे का इंतजार करते रहे।
बुधवार को सुबह साढ़े सात बजे नगर निकाय चुनाव के लिए मतदान की प्रक्रिया कड़ी पुलिस सुरक्षा बल के बीच शुरू हुई। कस्बा दोघट की पट्टी तिरोसिया के युवक विनोद शर्मा पुत्र ओमकर सिंह ने बारात ले जाने से पहले वोट डालकर एक अनूठी मिसाल कायम की है। विनोद की शादी भनेड़ा जिला शामली के रहने वाले सतीश की बेटी पूजा से हुई। वैवाहिक कार्यक्रम की सभी रस्म पूर्ण होने के बाद बुधवार को विनोद की बारात जानी थी, लेकिन सबसे पहले विनोद ने मतदान को अहमियत दी। बारात ले जाने से पहले दूल्हा विनोद प्राथमिक विद्यालय नंबर एक में वार्ड नंबर पांच के बूथ पर अपनी वोट डालने पहुंचा।